पूर्व विधायक डॉ. मिथिलेश ने कार्यकर्ता दरबार में सुनी जनसमस्याएं, रामचरितमानस भेंट कर दिया सेवा का संदेश।
डॉ. राहुल कुमार द्विवेदी,बिहार संपादक ।
सीतामढ़ी के पूर्व नगर विधायक सह भारतीय जनता पार्टी, बिहार प्रदेश के प्रवक्ता डॉ. मिथिलेश कुमार ने प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को भासर स्थित अपने पूर्व विधान सभा कार्यालय (वर्तमान जनसेवा कार्यालय) में आयोजित कार्यकर्ता दरबार में भाग लेकर क्षेत्र से आए आगंतुकों व कार्यकर्ताओं की जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना और यथासंभव त्वरित समाधान का प्रयास किया। कार्यकर्ता दरबार के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्थानीय प्रशासन से जुड़ी समस्याओं सहित विभिन्न मुद्दे सामने आए। डॉ. मिथिलेश कुमार ने संबंधित विषयों पर मौके पर ही मार्गदर्शन दिया तथा कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल चुनाव के समय तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि नियमित रूप से जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना ही सच्ची जनसेवा है। डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि हर महीने प्रथम रविवार को आयोजित यह कार्यकर्ता दरबार जनता और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों से भी इस तरह की पहल करने की अपील की, ताकि शासन-प्रशासन और आम नागरिकों के बीच की दूरी कम हो सके। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. मिथिलेश कुमार ने उपस्थित लोगों को रामचरितमानस भेंट कर सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों और संस्कारों का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रामचरितमानस न केवल धार्मिक ग्रंथ है, बल्कि यह जीवन को मर्यादा, सेवा और कर्तव्यबोध के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। कार्यकर्ता दरबार में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व विधायक डॉ. मिथिलेश कुमार की यह जनसेवा परंपरा अनुकरणीय है और वास्तव में उनका कोई जोड़ नहीं है, न होगा।












