थावे मंदिर चोरी कांड में बड़ी कामयाबी: माता का मुकुट बरामद, अभियुक्त गिरफ्तार
ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट



गोपालगंज।
थावे थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में माता के मुकुट की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कड़ी मेहनत और सतत जांच के बाद पुलिस ने चोरी गए मुकुट का टुकड़ा बरामद कर मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से श्रद्धालुओं में राहत और पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
जानकारी के अनुसार 17/18 दिसंबर 2025 की रात्रि थावे मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थावे थाना कांड संख्या 294/25 दर्ज कर त्वरित अनुसंधान शुरू किया गया। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया, जिसमें स्थानीय थाना, STF और तकनीकी शाखा के अधिकारी शामिल थे।
लगातार छापेमारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य अभियुक्त को चिन्हित करते हुए उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के क्रम में अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी गए मुकुट का एक महत्वपूर्ण टुकड़ा बरामद किया गया। बरामद सामग्री को विधिसम्मत तरीके से जब्त कर FSL जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा शेष चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पूरे मामले में गोपालगंज पुलिस, STF टीम और DIU की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही है।
मंदिर प्रशासन और स्थानीय लोगों ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन का आभार जताया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
थावे मंदिर चोरी कांड में पुलिस की यह सफलता कानून व्यवस्था की मजबूती और आस्था की सुरक्षा का बड़ा संदेश है।














