डॉ भीमराव अम्बेडकर के प्रति अपमानजनक पोस्ट करने पर एफआईआर दर्ज
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर और अनुसूचित जाति के प्रति सोशल मीडिया पर अपमानजनक एक वीडियो वायरल करने को लेकर एक युवक के विरुद्ध पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है। इस पोस्ट को लेकर एससी एसटी समाज में काफी आक्रोश पैदा कर दिया है। विकास कुमार गुप्ता नामक युवक ने इंस्टाग्राम हैंडल @broken_boy_vikash_07 के माध्यम से एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी एवं अनुसूचित जाति/जनजाति समाज के महापुरुषों के प्रति अत्यंत अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया। वीडियो में गाली-गलौज और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे समाज की भावनाएं बुरी तरह आहत हुईं। इस मामले में भीम आर्मी बिहार प्रदेश संगठन महामंत्री दिपक सम्राट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिवान एससी एसटी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि नौतन थाना क्षेत्र के पांच लखी गांव निवासी मुकेश साह के पुत्र विकास कुमार गुप्ता ने दिनांक 25/12/2025 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो प्रसारित किया, जिसमें डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं एससी एसटी समाज के प्रति घृणा और अश्लील भाषा का प्रयोग किया गया, जो संवैधानिक रूप से अपराध है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989, भारतीय न्याय संहिता तथा आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के अंतर्गत तत्काल एफआईआर दर्ज कर लिया है। दिपक सम्राट ने कहा कि ऐसे वीडियो न केवल समाज में घृणा फैलाते हैं, बल्कि संवैधानिक मूल्यों का अपमान भी करते हैं। उन्होंने उपरोक्त आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि समाज में तनाव पैदा करने वाले ऐसे पोस्ट सोशल मीडिया पर डालने से लोग बचें। वहीं एससी एसटी संगठनों ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर जैसे महापुरुषों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया पर जिम्मेदार व्यवहार की जरूरत को रेखांकित करता है।
यह घटना जातिगत भेदभाव और सोशल मीडिया दुरुपयोग की बढ़ती समस्या को उजागर करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर ऐसी सामग्री तेजी से वायरल होती है, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।












