पटना/गोपालगंज :
कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमरेंद्र पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर सासामुसा शुगर फैक्ट्री के भविष्य को लेकर अहम मांग रखी। विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष शुगर मिल पर लगे निलंबन को रद्द करने, मिल को पुनः चालू करने तथा किसानों की वर्षों से लंबित बकाया राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
विधायक अमरेंद्र पांडेय ने कहा कि सासामुसा शुगर फैक्ट्री क्षेत्र के हजारों किसानों और मजदूरों की आजीविका का प्रमुख स्रोत है। मिल बंद रहने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है, वहीं स्थानीय रोजगार पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से किसानों के हित में त्वरित निर्णय लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधायक की बातों को गंभीरता से सुनते हुए शुगर मिल को पुनः संचालित करने को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों और मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के इस आश्वासन के बाद क्षेत्र के किसानों और स्थानीय लोगों में नई उम्मीद जगी है। लोगों का मानना है कि यदि शुगर मिल दोबारा शुरू होती है तो क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसानों को उनका बकाया भुगतान मिलने का रास्ता भी साफ होगा।












