ठंड और शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन द्वारा राहत कार्य तेज, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का किया गया वितरण।

गोपालगंज ।। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन द्वारा राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं। इसी क्रम में थावे जंक्शन रेल परिसर में शुक्रवार को असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अजय प्रकाश राय ने किया।इस अवसर पर बीडीओ अजय प्रकाश राय ने बताया कि लगातार गिरते तापमान और शीतलहर को ध्यान में रखते हुए सरकार के निर्देश पर गरीब, असहाय एवं बेसहारा लोगों को ठंड से बचाने के लिए कंबल का वितरण किया जा रहा है, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण परेशानी में न पड़े।कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में रेल थाना की भूमिका भी सराहनीय रही। मौके पर रेल थानाध्यक्ष मनोज कुमार, आवास सुपरवाइजर कुसुम कुमारी गुप्ता, राहुल कुमार सिंह सहित अन्य कर्मी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन ने आगे भी इसी तरह राहत कार्य जारी रखने की बात कही है।












