धान की फसल उजाड़ने का आरोप, जबरन बुआई का मामला दर्ज — पांच नामजद
कटेया (गोपालगंज) — कटेया थाना क्षेत्र के बभनी गांव में जमीन विवाद को लेकर धान की फसल उलाड़कर जबरन दोबारा बुआई किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में भोरे थाना क्षेत्र के निवासी रामेश्वर नाथ तिवारी ने कटेया थाने में पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी के अनुसार, आवेदक द्वारा बैनामा के जरिए खरीदी गई जमीन पर धान की फसल बोई गई थी। आरोप है कि मोती गुप्ता समेत अन्य लोगों ने जबरन खेत में लगी धान की फसल उखाड़ दी और उसी जमीन पर खुद धान की बुआई कर दी। बताया गया है कि विवादित भूमि पर उस समय धारा 144 भी लागू थी।
मामले ने उस वक्त तूल पकड़ लिया जब विपक्षी पक्ष द्वारा धान की कटाई किए जाने की सूचना पर खेत देखने पहुंचे व्यक्ति के साथ झगड़े की स्थिति उत्पन्न हो गई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि 29 नवंबर को मौजा बभनी स्थित मंदिर वाले खेत पर जाने के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कटेया थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 ग्रामीण इलाके में जमीन और फसल को लेकर बढ़ते विवाद एक बार फिर कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनते नजर आ रहे हैं।












