रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा उन्होंने धर्म पूछकर मारा, हमने कर्म देखकर मारा, अनिल कुमार के समर्थन में पहुंचे मेजरगंज
रिपोर्ट :-डॉ राहुल कुमार द्विवेदी संपादक बिहार अखण्ड भारत न्यूज
सीतामढ़ी (अखण्ड भारत न्यूज) 6-11-2025 :– केंद्र के रक्षामंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने गुरुवार को मेजरगंज प्रखंड के आचार्य सुदर्शन विद्यापीठ मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। यह सभा बथनाहा विधानसभा क्षेत्र से एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी अनिल कुमार के समर्थन में आयोजित की गई थी। सभा में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने अपने ओजस्वी भाषण से माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन का शासन भय और अराजकता का प्रतीक था, उस समय के लोग कहते थे — बिहार छोड़ दो, नहीं तो कब क्या हो जाएगा पता नहीं। उन्होंने कहा कि बिहार ने वह दौर देखा है जब अपराधी खुलेआम गोलियां चलाते थे और प्रशासन असहाय था। राजनाथ सिंह ने राजद के कट्टा वाले बयान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार पहले ठोकने की राजनीति के लिए जाना जाता था, लेकिन अब विकास की राजनीति होती है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार, दोनों बदल रहे हैं। अपने संबोधन में उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए भावनात्मक लहजे में कहा, आतंकवादियों ने पहलगाम में लोगों से धर्म पूछ कर मारा था, लेकिन हमारे सैनिकों ने कर्म देखकर जवाब दिया और चुन-चुन कर मारा। हम धर्म नहीं, कर्म के आधार पर जवाब देते हैं। इस पंक्ति पर मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्होंने एनडीए प्रत्याशी अनिल कुमार को भारी मतों से विजय दिलाने की अपील की और कहा कि अनिल कुमार जैसे कर्मठ, ईमानदार और जनता से जुड़े नेता ही क्षेत्र के विकास की असली गारंटी हैं। सभा के दौरान एक क्षण के लिए हल्का हंगामा भी हुआ जब मंच से रक्षामंत्री ने भीड़ से पूछा क्या आप इन्हें जिताएंगे? तो कुछ लोगों ने नहीं का इशारा किया। एक कार्यकर्ता ने काला झंडा भी दिखाया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया। बाद में राजनाथ सिंह ने इस घटना को विपक्ष की साजिश बताया और कहा कि एनडीए कार्यकर्ताओं को ऐसे उकसावे से सावधान रहना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन जदयू प्रखंड अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह ने किया। मंच पर एनडीए के घटक दलों के कई प्रमुख नेता मौजूद थे। सभा स्थल पर भाजपा, जदयू और हम के कार्यकर्ताओं की बड़ी भीड़ उमड़ी थी। लोगों ने मोदी और राजनाथ सिंह के समर्थन में नारे लगाए। पूरा मैदान जय श्रीराम, भारत माता की जय और मोदी-राजनाथ अमर रहे के नारों से गूंज उठा। मेजरगंज की यह सभा एनडीए के लिए शक्ति प्रदर्शन साबित हुई, जिसमें रक्षामंत्री के भाषण ने न केवल कार्यकर्ताओं में जोश भरा बल्कि विरोधियों पर भी सीधा राजनीतिक संदेश छोड़ा — कि अब बिहार में राजनीति धर्म या जाति नहीं, बल्कि कर्म और विकास के आधार पर होगी।












