गोपालगंज ब्यूरो आशीष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
भास्कर महोत्सव 2025 : संस्कृति का संगम, आस्था का उत्सव
गोपालगंज, दिनांक 26 अक्टूबर 2025।
जिला प्रशासन गोपालगंज एवं कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, पटना के संयुक्त तत्वावधान में “भास्कर महोत्सव – 2025” का आयोजन आगामी 27 अक्टूबर 2025 की संध्या 3 बजे से प्रारंभ होकर 28 अक्टूबर की भोर 3 बजे तक किया जाएगा। यह आयोजन प्रखण्ड बैकुण्ठपुर अंतर्गत डुमरिया घाट, गोपालगंज में संपन्न होगा।
भास्कर महोत्सव का उद्देश्य बिहार की लोक परंपराओं, लोकगीतों तथा छठ महापर्व की महिमा को जन-जन तक पहुँचाना है। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक लोकनृत्य, लोकसंगीत, नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी, जो प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को उजागर करेंगी।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं। सुरक्षा, प्रकाश, स्वच्छता, पेयजल, एवं यातायात नियंत्रण से संबंधित समुचित प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं एवं दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने परिवार एवं मित्रों सहित इस महोत्सव में सम्मिलित होकर बिहार की लोक संस्कृति एवं आस्था के इस अनूठे उत्सव का हिस्सा बनें।
यह आयोजन न केवल लोक परंपराओं को सशक्त करेगा, बल्कि सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक एकता के भाव को भी प्रगाढ़ करेगा।












