रात में दोस्तों ने फोन कर बुलाया, सुबह बगीचे में मिला 25 वर्षीय आकाश का लहूलुहान शव, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
गोपालगंज: कटेया थाना क्षेत्र के भागीपट्टी गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बुधवार सुबह घर से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित एक मंदिर के बगल के बगीचे से एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान भागीपट्टी निवासी राजा राम के 25 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार (राम) के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद से इलाके में तनाव और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
ईंट से कुचला शरीर, संवेदनशील अंगों पर भी चोट के निशान
परिजनों के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 10 बजे आकाश के पास उसके कुछ दोस्तों का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से निकला था। लेकिन जब वह सुबह तक वापस नहीं लौटा, तो खोजबीन शुरू हुई। सुबह ग्रामीणों ने घर के पास बगीचे में उसका शव देखा। परिजनों का आरोप है कि आकाश की बेरहमी से हत्या की गई है। उसके शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान हैं, चेहरे को ईंट से कुचला गया है और संवेदनशील हिस्सों पर भी चोट पहुंचाई गई है। घटनास्थल की स्थिति को देखकर यह भी आशंका जताई जा रही है कि वारदात से पहले वहां कोई पार्टी या जमघट हुआ था।
प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप, पहले भी मिली थी जान से मारने की धमकी
आकाश की मौत को लेकर परिजनों ने प्रेम प्रसंग का कोण सामने रखा है। उन्होंने प्रेमिका के परिजनों पर हत्या का सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ समय पूर्व भी उन लोगों ने आकाश के साथ मारपीट की थी और उसे जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों का दावा है कि इसी रंजिश और प्रेम प्रसंग के कारण आकाश को साजिश के तहत बुलाकर उसकी हत्या की गई और शव को बगीचे में फेंक दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: दो संदिध हिरासत में, थानाध्यक्ष बोले- ‘बख्शे नहीं जाएंगे दोषी’
घटना की सूचना मिलते ही कटेया थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।
इस संबंध में कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी है। शक के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा और इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले किसी भी दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, दोस्तों की भूमिका और आपसी विवाद समेत सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
