261 लीटर देसी शराब और बाइक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए नौतन पुलिस चला रही अभियान
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
नौतन थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 261 लीटर देसी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने शराब की खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही शराब की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। इस संबंध में नौतन थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 261 लीटर देसी शराब बरामद की और मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। शराब की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपितों से संबंधित मामले में पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। शराब के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर नजर रखी जा रही है और सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनाए रखने और शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।












