फेसबुक पर सांप्रदायिक टिप्पणी करने वाले युवक के खिलाफ कटेया थाने में FIR दर्ज,आरोपी पूरन सिंह गिरफ्तार
कटेया (गोपालगंज): सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कटेया थाना पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। फेसबुक पर अन्य धर्मों के विरुद्ध विवादित और सांप्रदायिक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR संख्या 534/26) दर्ज की है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, गोपालगंज पुलिस की ‘सोशल मीडिया सेल’ को फेसबुक पर एक विवादित पोस्ट वायरल होने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पता चला कि पूरन सिंह (PURAN SINGH) नाम के फेसबुक अकाउंट से एक अत्यंत आपत्तिजनक और सांप्रदायिक टिप्पणी की गई है। इस पोस्ट से क्षेत्र में सामाजिक सद्भाव और शांति व्यवस्था भंग होने की प्रबल आशंका थी।
आरोपी की हुई पहचान
सोशल मीडिया सेल से इनपुट मिलने के बाद कटेया थाने में पदस्थापित पु.अ.नि. (सब-इंस्पेक्टर) सूर्यजीत कुमार ने मामले की गंभीरता से जांच की। तकनीकी सत्यापन के बाद उक्त फेसबुक आईडी के संचालक की पहचान पूरन सिंह कुशवाहा पिता स्व रामनाथ सिंह के रूप में हुई है, जो कि राजापुर (थाना- कटेया, जिला- गोपालगंज) का रहने वाला है।
डिजिटल साक्ष्यों के साथ कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी द्वारा पोस्ट की गई विवादित टिप्पणियों का स्क्रीनशॉट लेकर उसका हैश वैल्यू (Hash Value) जेनरेट किया और उसे पेन ड्राइव में सुरक्षित कर लिया है। डिजिटल साक्ष्यों की प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के लिए भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023 की धारा-63(4)(C) के तहत प्रमाणपत्र भी तैयार किया गया है।
कटेया थाना पुलिस ने आरोपी पूरन सिंह कुशवाहा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कटेया थानाध्यक्ष (SHO) के निर्देश पर पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश (Investigate) कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अभद्र या सांप्रदायिक टिप्पणी कर शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
क्या बोले थानाध्यक्ष
वही इस मामले में कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने कहा कि आरोपी पूरन सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है












