गोपालगंज में 27 से 29 अक्टूबर तक लगेगा पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैंप, 165 लोगों को मिलेगा लाभ
हथुआ अनुमंडल कार्यालय परिसर में होगा तीन दिवसीय आयोजन, डीएम समीर सौरभ और क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी करेंगी उद्घाटन
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले के नागरिकों के लिए पासपोर्ट बनवाना अब और सुविधाजनक होने जा रहा है। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार की पहल के तहत क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की ओर से गोपालगंज में 27 से 29 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैंप आयोजित किया जाएगा। यह कैंप हथुआ अनुमंडल कार्यालय परिसर में लगेगा, जहां जिले और आसपास के क्षेत्रों के नागरिक अपने नजदीक ही पासपोर्ट संबंधी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
डीएम और क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी करेंगी संयुक्त उद्घाटन
कैंप का उद्घाटन 27 अक्टूबर को गोपालगंज के जिलाधिकारी श्री समीर सौरभ (भा.प्र.से.) और क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, पटना श्रीमती स्वाधा रिज़वी (भारतीय विदेश सेवा) संयुक्त रूप से करेंगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पासपोर्ट सेवाएं उनके निवास के नजदीक उपलब्ध कराना और उन्हें लंबी दूरी की यात्रा से राहत देना है।
प्रतिदिन 55 अपॉइंटमेंट, कुल 165 आवेदकों को मिलेगी सुविधा
तीन दिनों तक चलने वाले इस विशेष कैंप में कुल 165 आवेदकों को सेवा प्रदान करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए प्रतिदिन 55 अपॉइंटमेंट निर्धारित किए गए हैं। इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा के आधिकारिक पोर्टल www.passportindia.gov.in पर जाकर अपना अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं।
अपॉइंटमेंट बुक करते समय स्थान के विकल्प में निम्नलिखित विवरण का चयन करना होगा:
Passport Mobile Van Camp in Gopalganj district, Bihar at Hathua Sub-Divisional Office Complex, Gopalganj – 841436
आवेदकों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले निर्धारित पासपोर्ट शुल्क और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। अपॉइंटमेंट के दिन सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर पहुंचना होगा। पात्र आवेदक लागू दिशा-निर्देशों के अनुसार डिजिलॉकर की सुविधा का भी उपयोग कर सकते हैं।
पांच वर्षों में पासपोर्ट आवेदनों में 43 प्रतिशत की वृद्धि
गोपालगंज जिले में पासपोर्ट बनवाने को लेकर लोगों की बढ़ती रुचि आंकड़ों से भी स्पष्ट होती है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2021 में जिले से 30,697 पासपोर्ट आवेदन प्राप्त हुए थे, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 43,902 हो गए। इस प्रकार आवेदनों की संख्या में लगभग 43 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
इसी अवधि में जारी किए गए पासपोर्टों की संख्या भी 28,434 से बढ़कर 40,764 हो गई, जो लगभग 43.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाती है। पासपोर्ट आवेदनों में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए मोबाइल वैन कैंप को नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा माना जा रहा है।
बिहार में 22वां मोबाइल वैन कैंप होगा गोपालगंज में
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा बिहार में आयोजित किया जाने वाला यह 22वां पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैंप होगा। कार्यालय के अनुसार, जिला प्रशासन और विभिन्न संस्थानों के सहयोग से आयोजित ऐसे विशेष शिविरों के माध्यम से अब तक 3,200 से अधिक आवेदक लाभान्वित हो चुके हैं।
इस पहल से नागरिकों को पासपोर्ट संबंधी कार्यों के लिए दूर स्थित कार्यालयों तक जाने की परेशानी कम होगी। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की ओर से नागरिकों को सुविधाजनक, पारदर्शी और सुलभ पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।












