मीरगंज में हत्या के प्रयास व SC/ST एक्ट मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
बाजार से घर लौट रहे व्यक्ति के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली देने का आरोप, न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
मीरगंज (गोपालगंज)। गोपालगंज जिले में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मीरगंज थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास एवं अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े एक मामले में प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहजीद अली, पिता अख्तर अली, निवासी लाइन बाजार, थाना मीरगंज, जिला गोपालगंज के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ मीरगंज थाना कांड संख्या 403/26, दिनांक 5 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, घटना 3 अगस्त 2026 की संध्या की है। आरोप है कि वादी बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर पर पताका लगाने को लेकर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। साथ ही, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप है।
मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस उससे पूछताछ के बाद नियमानुसार न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया कर रही है।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट












