हीरापाकड़ में बंद घर के पीछे से घुसे अज्ञात चोर, 4.70 लाख के गहने-नकदी उड़ाए
4.70 लाख के जेवर, 22 हजार नकदी और 25 हजार की कीमती साड़ियां लेकर फरार
थानाध्यक्ष की मौजूदगी में डॉग स्क्वॉयड ने की जांच, फिलहाल नहीं लगा कोई ठोस सुराग
भोरे/गोपालगंज
भोरे थाना क्षेत्र के हीरापाकड़ गांव में देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. घटना अजय पांडेय (पिता अनिरुद्ध पांडेय) के घर की है. पीड़ित परिवार के अनुसार, देर रात करीब 12:30 बजे से 01:30 बजे के बीच चोर घर के पिछले रास्ते से अंदर दाखिल हुए. घर में घुसते ही चोरों ने दो महिलाओं के लगभग 4 लाख 70 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 22 हजार रुपये नकद चुरा लिए. इसके अलावा चोर चार बड़े बक्से भी उठा ले गए, जिनमें रखी साड़ियों की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई जा रही है.
खेत में बिखरे मिले टूटे बक्से, नशेड़ियों पर शक
घटना की सूचना मिलने पर गोपालपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संतोष प्रजापति मौके पर पहुंचे. पीड़ित के घर से कुछ ही दूरी पर चोरों द्वारा तोड़े गए बक्से और तितर-बितर हुआ सामान खेत में फेंका मिला. ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सूखे नशे का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है. ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि नशे की लत पूरी करने के लिए असामाजिक तत्वों द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया है.
डॉग स्क्वॉयड के साथ थानाध्यक्ष ने की जांच
वारदात की जानकारी मिलते ही भोरे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम सीन को सील कर दिया. इसके बाद थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय की मौजूदगी में पहुंची डॉग स्क्वॉयड की टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में गहन छानबीन की. हालांकि, काफी प्रयास के बाद भी खोजी कुत्ते के जरिए पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका. मामले में थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने बताया कि पुलिस तकनीकी व अन्य स्रोतों से मामले की बारीकी से जांच कर रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.












