जनता की समस्याओं पर डीएम सख्त, 25 फरियादियों की सुनी शिकायतें
समीर सौरभ ने अधिकारियों को दिया निर्देश—आवेदकों को कार्यालयों के चक्कर न लगवाएं, त्वरित राहत सुनिश्चित करें
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिला पदाधिकारी श्री समीर सौरभ ने सोमवार, 21 सितम्बर 2026 को “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत आयोजित जनता के दरबार में जिला पदाधिकारी कार्यक्रम में 25 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, एफआईआर, परिमार्जन सहित विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपनी समस्या लेकर जिला प्रशासन के पास आने वाले किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगवाए जाएं।
डीएम ने कहा कि आवेदक की समस्या को पूरी गंभीरता से सुनना और नियमानुसार उसका समाधान सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। जहां तत्काल राहत संभव हो, वहां बिना किसी अनावश्यक विलंब के फौरी राहत उपलब्ध कराई जाए।
मौके पर ही अधिकारियों से ली जानकारी
प्राप्त सभी आवेदनों को जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को कार्रवाई के लिए भेजते हुए उनके समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया। कई मामलों में डीएम ने स्वयं संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर जानकारी प्राप्त की और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल आवेदन पर कार्रवाई शुरू करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समस्या के समाधान तक आवश्यक फॉलो-अप भी सुनिश्चित किया जाए। आवेदनों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
“फरियादियों को सम्मानपूर्वक सुनना प्रशासन की जिम्मेदारी”
जिला पदाधिकारी श्री समीर सौरभ ने कहा कि अपनी समस्याओं को लेकर आने वाला प्रत्येक व्यक्ति जिला प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है। जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीनता, लापरवाही, टालमटोल अथवा अनावश्यक विलंब की प्रवृत्ति को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित पदाधिकारी अपने स्तर से त्वरित कार्रवाई करते हुए आवेदकों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराएं।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री गौरव कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।












