सिधवलिया में ऑटो चोरी कांड का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, चोरी का ऑटो बरामद
गोपालगंज। सिधवलिया थाना क्षेत्र के सरैया पहाड़ के समीप हुई ऑटो चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मानवीय सूचना, तकनीकी साक्ष्य और CCTV फुटेज के विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, 02 अक्टूबर 2026 को सरैया पहाड़ के समीप से ऑटो चोरी की सूचना मिलने पर सिधवलिया थाना की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में कांड संख्या 225/26, दिनांक 02.10.2026 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देश पर विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस ने राम विनय कुमार, निवासी सरैया पहाड़ को गिरफ्तार किया।
पूछताछ एवं निशानदेही के आधार पर अरबाज अली और सुखारी यादव, दोनों निवासी सरैया पहाड़, को भी गिरफ्तार किया गया। इसके बाद चोरी किए गए ऑटो के संबंध में पूछताछ करने पर पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
जांच में सामने आया कि चोरी किए गए ऑटो को रवि कुमार, निवासी सलारपुर, थाना तरवारा, जिला सिवान द्वारा लाइनर का काम करते हुए तथा धीरण कुमार, निवासी बेतवनिया, थाना एकमा, जिला छपरा द्वारा बिक्री के उद्देश्य से रखने की बात सामने आई। दोनों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई के साथ सिधवलिया थाना पुलिस ने ऑटो चोरी कांड में शामिल कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का सफल उद्भेदन किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- राम विनय कुमार, सरैया पहाड़, सिधवलिया, गोपालगंज
- अरबाज अली, सरैया पहाड़, सिधवलिया, गोपालगंज
- सुखारी यादव, सरैया पहाड़, सिधवलिया, गोपालगंज
- रवि कुमार, सलारपुर, थाना तरवारा, जिला सिवान
- धीरण कुमार, बेतवनिया, थाना एकमा, जिला छपरा
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।












