नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई 20 सितंबर 2026 को थावे बाइपास स्थित फतहा मोड़ के समीप वाहन जांच के दौरान की गई।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान बंजारी की ओर से एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही दोनों मोटरसाइकिल लेकर भागने लगे। पीछा करने पर पीछे बैठा व्यक्ति मोटरसाइकिल से कूदकर फरार हो गया, जबकि चालक को पुलिस ने पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबलू कुमार यादव, पिता-बिरेश चौधरी, निवासी छोटा धामापाकड़, थाना मांझागढ़, जिला गोपालगंज के रूप में हुई है।
पूछताछ और मोटरसाइकिल के संबंध में जानकारी मांगने पर आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और वाहन से संबंधित कोई वैध कागजात भी प्रस्तुत नहीं किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने सहयोगी जिशान अली उर्फ गोलू, निवासी डोमाहाता, थाना मांझागढ़, के साथ मिलकर उक्त मोटरसाइकिल को बंजारी चौक से चोरी कर ले जा रहा था।
पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 937/26, दिनांक 20.09.2026 दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपी की गिरफ्तारी तथा वाहन चोरी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए अनुसंधान एवं छापेमारी जारी है।












