थावे में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 144.720 लीटर विदेशी शराब बरामद
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत थावे थाना पुलिस ने थावे ओवरब्रिज के पास गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई की।
जांच के दौरान पुलिस ने एक कार एवं एक मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी में दोनों वाहनों से कुल 144.720 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फारुख हुसैन, पिता बाबूदीन शाह, निवासी खजुरिया, थाना नगर, जिला गोपालगंज तथा सचेत सिंह, पिता ओमप्रकाश सिंह, निवासी छाप मढ़िया, थाना मीरगंज, जिला गोपालगंज के रूप में बताई गई है।
पुलिस ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त कार एवं मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस का संदेश
अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अवैध शराब से संबंधित किसी प्रकार की सूचना मिलने पर पुलिस को जानकारी देने की अपील की है।












