गोली मारने पहुंचे अपराधियों से भिड़ा युवक, राइफल छोड़कर भागे बदमाश
लोडेड राइफल लिए अपराधी को पकड़ा तो साथी ने पिस्तौल से मारी गोली,
नौतन पुलिस ने जब्त की राइफल
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
नौतन थाना क्षेत्र के अंगौता जोगी मोड़ के समीप रविवार की रात करीब 11 बजे निर्माणाधीन मकान पर सो रहे एक युवक को जगाकर बाइक सवार दो अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया। अपराधियों के हमले का अधेड़ ने बहादुरी से मुकाबला किया और लोडेड राइफल लिए एक अपराधी को पकड़ लिया। इसी दौरान दूसरे अपराधी ने पिस्तौल से गोली चला दी, जिससे युवक घायल हो गया। इसके बावजूद भी उसने अपराधी से राइफल छीन ली। राइफल छूटने के बाद दोनों अपराधी बाइक से फरार हो गए। घायल युवक की पहचान गोपालगंज जिले के हथुआ थाना क्षेत्र के मिर्जापुर त्रिवेणी मोड़ निवासी मजिस्टर यादव के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही नौतन और हथुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। नौतन पुलिस ने घटनास्थल से लोडेड राइफल बरामद कर जब्त कर ली। बताया जाता है कि मजिस्टर यादव अंगौता जोगी मोड़ के समीप निर्माणाधीन मकान पर सो रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और उन्हें जगाकर हमला करने लगे। एक अपराधी के हाथ में राइफल थी। युवक ने उसे पकड़ लिया, तभी दूसरे अपराधी ने पिस्तौल से गोली चला दी। गोली लगने से घायल होने के बाद भी युवक ने हिम्मत नहीं हारी और अपराधी से राइफल छीन ली। राइफल छूटने के बाद दोनों अपराधी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घायल को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल हथुआ ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है। नौतन थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोडेड राइफल जब्त कर ली गई है। घायल के परिजनों की ओर से अभी आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












