गोपालगंज के 2.83 लाख पेंशनधारियों को मिली 31.20 करोड़ की सौगात
- माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि का डीबीटी हस्तांतरण।
बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े जिले के लाभार्थियों के लिए गुरूवार का दिन खास रहा। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त 2026 की पेंशन राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरण किया गया। माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के लाभार्थियों को पेंशन राशि हस्तांतरित की।
इस कार्यक्रम से गोपालगंज समाहरणालय स्थित सभा कक्ष भी लाइव जुड़ा, जिसमें जिलाधिकारी श्री समीर सौरभ (भा.प्र.से.) सहित जिला प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं से जुड़े सैकड़ों लाभार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री द्वारा किए गए पेंशन राशि के डीबीटी हस्तांतरण को देखा।
2,83,732 लाभार्थियों के लिए 31.20 करोड़ रुपये
गोपालगंज जिले में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कुल 2,83,732 लाभार्थियों के लिए 31.20 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है। सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों में विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों की संख्या एवं भुगतान की जाने वाली राशि का विवरण इस प्रकार है।
- मुख्यमंत्री वृद्धा पेंशन योजना के तहत 1,69,485 लाभार्थियों के लिए 18.64 करोड़ रूपये।
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धा पेंशन योजना में 46,504 लाभार्थियों के लिए 5.11 करोड़ रूपये।
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना में 19,231 लाभार्थियों के लिए 2.11 करोड़ रूपये तथा बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के तहत 22,355 लाभार्थियों के लिए 2.45 करोड़ रूपये की राशि है।
इसके अलावा लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 23,609 लाभार्थियों के लिए 2.59 करोड़ रूपये तथा एक अन्य इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 2,548 लाभार्थियों के लिए 28 लाख रूपये की राशि निर्धारित है।
सीधे बैंक खाते में पहुंच रही पेंशन की राशि
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों तथा अन्य पात्र लाभार्थियों को पेंशन के माध्यम से आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। इससे लाभार्थियों को अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक मदद मिलती है और निर्भरता कम होने में मदद होती है।
सरकार की ओर से डीबीटी प्रणाली के माध्यम से पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। इस व्यवस्था से भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी है तथा लाभार्थियों को पेंशन प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन राशि सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से व्यवस्था को और अधिक सरल एवं प्रभावी बनाया गया है।
बैंक और आधार विवरण अद्यतन रखने की अपील
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से लाभार्थियों से अपने बैंक खातों एवं आधार संबंधी विवरण को अद्यतन रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि बैंक खाता सक्रिय रखने तथा आधार एवं बैंक खाते से संबंधित आवश्यक विवरण सही एवं अद्यतन रहने से पेंशन राशि के हस्तांतरण में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मौजूद लाभार्थियों में भी पेंशन राशि सीधे खाते में मिलने को लेकर उत्साह देखने को मिला।












