बाल श्रम के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई, दो बाल श्रमिक कराए गए विमुक्त
होटल और आयरन रिपेयरिंग सेंटर में चल रहा था बाल श्रमिकों से काम, दोनों नियोजकों पर प्राथमिकी की तैयारी
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। बाल श्रम के खिलाफ गोपालगंज जिला प्रशासन ने बुधवार, 09 सितंबर 2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के अलग-अलग प्रतिष्ठानों से दो बाल श्रमिकों को विमुक्त कराया। यह कार्रवाई श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार सरकार एवं जिला पदाधिकारी, गोपालगंज के निर्देश पर गठित धावा दल द्वारा चलाए गए सघन अभियान के दौरान की गई।
अभियान के दौरान मैनिया चौक स्थित S.S. होटल से एक तथा कररिया स्थित सन्नी आयरन रिपेयरिंग सेंटर से एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया गया। दोनों स्थानों पर बाल श्रमिकों के नियोजन की जानकारी सामने आने के बाद धावा दल ने कार्रवाई करते हुए उन्हें वहां से मुक्त कराया।
धावा दल में गोपालगंज सदर, सिधवलिया एवं थावे के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के साथ पुलिस लाइन, गोपालगंज से आरक्षी बल शामिल रहे।
श्रम अधीक्षक, गोपालगंज ने बताया कि बाल श्रमिकों के नियोजन के मामले में संबंधित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों को दोनों नियोजकों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराने तथा नियमानुसार अन्य आवश्यक अनुवर्ती कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
बाल श्रम पर प्रशासन की पैनी नजर
जिला प्रशासन की ओर से बाल श्रम की रोकथाम को लेकर नियमित रूप से धावा दल के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाल श्रमिकों को नियोजित करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से जिले में बाल श्रम को बढ़ावा देने वाले प्रतिष्ठानों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन का अभियान बच्चों को श्रम से मुक्त कर उन्हें शिक्षा एवं सुरक्षित भविष्य की ओर ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
