“हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” के संदेश के साथ राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ
डीएम समीर सौरभ ने पोषण रथ एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं की पोषण रैली को दिखाई हरी झंडी
गोपालगंज। राष्ट्रीय पोषण मिशन के अंतर्गत जिले में राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। जिला पदाधिकारी श्री समीर सौरभ ने पोषण रथ एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा निर्मित पोषण रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान लोगों को बेहतर पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह का मुख्य विषय “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” निर्धारित किया गया है। अभियान का उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं, किशोरियों एवं समुदाय के अन्य सदस्यों के पोषण एवं स्वास्थ्य स्तर में सुधार लाना तथा जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ पोषण व्यवहार को बढ़ावा देना है।
आहार विविधता और प्रोटीन पर विशेष जोर
पोषण माह के दौरान आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा।
जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों, परियोजना एवं जिला स्तर पर पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों से लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से भी कार्यक्रम में सहभागिता दर्ज की गई।
अधिकारी एवं कर्मी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त श्री गौरव कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमती रंजना कुमारी, निदेशक डीआरडीए श्री राकेश कुमार चौबे, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री धर्मेन्द्र कुमार, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जिला समन्वयक एनएनएम सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय पोषण माह का संदेश स्पष्ट है—पोषण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण की सामूहिक जिम्मेदारी है।












