सिधवलिया प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण, योजनाओं व लंबित मामलों की हुई समीक्षा
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में जिला पदाधिकारी, गोपालगंज समीर सौरभ ने मंगलवार को सिधवलिया प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न कार्यालयों में संचालित कार्यों, पंजियों एवं अभिलेखों की जांच करते हुए सरकारी योजनाओं तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की।
दाखिल-खारिज व भूमि संबंधी मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
अंचल कार्यालय में दाखिल-खारिज, परिमार्जन एवं अन्य भूमि संबंधी लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को सभी मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अमीन एवं राजस्व कर्मचारियों को आमजन के कार्यों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निष्पादन करने को कहा।
आरटीपीएस के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर नियमानुसार सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
योजनाओं और लंबित कार्यों में तेजी लाने पर जोर
प्रखंड में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं लंबित कार्यों की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही जनगणना से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश
बाल विकास परियोजना कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी केंद्रों पर भवन, पेयजल, शौचालय, बिजली सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया।
आधार केंद्र पर कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान आधार केंद्र पर ऑपरेटर के अनुपस्थित रहने की शिकायत सामने आने पर जिला पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित आधार केंद्र के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रमाण-पत्र रद्द करने की कार्रवाई का निर्देश दिया।
आमजन से सीधे संवाद, समस्याओं के तत्काल समाधान का निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यालय परिसर में मौजूद आमजन से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को शिकायतों की तत्काल जांच कर नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सरकार और जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों और कर्मियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए पूरी जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करना चाहिए।












