घर में घुसकर नगदी व आभूषण चोरी, दो लोगों पर प्राथमिकी
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
थाना क्षेत्र के महुआ भूसा गांव में घर में घुसकर चोरों ने नगदी समेत सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए और फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता बिदान्ती देवी ने थाने में आवेदन देकर गांव के ही दो लोगों को नामजद आरोपित किया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दर्ज प्राथमिकी में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि गांव के ही दो लोग उसके घर में घुस गए और दो सोने के मंगलसूत्र, चांदी के चार रक्षाबंधन, दो जोड़ी पायल तथा पांच हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी करते समय आरोपितों पर नजर पड़ने के बाद पीड़िता ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस चोरी हुए सामान और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












