अवैध शराब के खिलाफ गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 36.240 लीटर शराब के साथ दो गिरफ्तार
विशम्भरपुर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग वाहन जांच के दौरान बरामद की देशी व विदेशी शराब, दो मोटरसाइकिल जब्त
गोपालगंज। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे लगातार छापेमारी एवं वाहन जांच अभियान के तहत विशम्भरपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुल 36.240 लीटर देशी एवं विदेशी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान शराब ढोने में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सिपाया कृषि फार्म के समीप वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल से 22.200 लीटर देशी शराब बरामद की गई। वहीं, ग्राम सिपाया दुबे टोला में वाहन जांच के दौरान दूसरी मोटरसाइकिल से 14.40 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
दोनों स्थानों से बरामद कुल 36.240 लीटर शराब को विधिवत जब्त कर लिया गया। मामले में वाहन मालिक एवं चालकों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार वाहन जांच, छापेमारी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई जारी रहेगी।
🔴 पुलिस की कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप
गोपालगंज पुलिस की लगातार कार्रवाई से जिले में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












