महावीरी जुलूस के दौरान अवैध हथियारों का प्रदर्शन, पुलिस ने की कार्रवाई
दो देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महावीरी जुलूस के दौरान अवैध हथियारों के प्रदर्शन की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को मीरगंज थाना क्षेत्र में महावीरी जुलूस के दौरान अवैध हथियारों के प्रदर्शन की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थिति में पकड़ा।
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम अजय मिश्रा, पिता बालेश्वर मिश्रा, निवासी सवरेजी, थाना मीरगंज, जिला गोपालगंज बताया। पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो देसी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि एक अवैध हथियार उसने छपरा जिले के मांझी थाना क्षेत्र के छोटका मोहम्मदपुर निवासी शर्मा से 7,000 रुपये में खरीदा था। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
🔴 केस दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी
इस मामले में मीरगंज थाना कांड संख्या 467/26, दिनांक 06-09-2026 दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।












