जमीन विवाद में मारपीट के मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 3 नामजद आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बलहां गांव में पूर्व से चले आ रहे आपसी जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को बलहां गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बैकुंठपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों की सलाह के अनुसार सभी की स्वास्थ्य स्थिति नियंत्रण में बताई गई।
मामले को लेकर दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर कांड संख्या 435/26 एवं 436/26, दिनांक 06 सितंबर 2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड संख्या 435/26 के नामजद आरोपी अजय गिरी एवं जितेन्द्र गिरी, दोनों निवासी बलहां, थाना बैकुंठपुर, तथा कांड संख्या 436/26 के नामजद आरोपी रामकृष्णपाल भारती, निवासी बलहां, थाना बैकुंठपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से विधिवत पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी जारी है।
पुलिस ने बताया कि घटना का मुख्य कारण पूर्व से चला आ रहा आपसी जमीनी विवाद है। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।












