थावे थाना क्षेत्र में उत्पाद अधिनियम का आरोपी गिरफ्तार, 34.560 लीटर विदेशी शराब बरामद
गोपालगंज। जिले में अपराध नियंत्रण एवं शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत थावे थाना पुलिस ने उत्पाद अधिनियम के एक मामले में फरार चल रहे प्राथमिक अभियुक्त उपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई थावे थाना कांड संख्या-177/26, दिनांक 24 जुलाई 2026, धारा-30(ए), बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त उपेंद्र सिंह, पिता स्व. रामानंद सिंह, निवासी चनावे, थाना थावे, जिला गोपालगंज का रहने वाला बताया गया है।
बताया गया कि 24 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली थी कि अभियुक्त अपने पोखरा के समीप शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस वाहन को देखते ही आरोपी शराब को झाड़ी में फेंककर मौके से फरार हो गया था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने झाड़ी से 34.560 लीटर विदेशी शराब बरामद की थी।
पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी रखा। अंततः मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों और विभिन्न आपराधिक मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
गोपालगंज ब्यूरो — आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट











