गुड़ उत्पादन इकाई लगाने का सुनहरा मौका, सरकार देगी 6 से 15 लाख रुपये तक अनुदान
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। बिहार में गुड़ उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम शुरू किया है। इस योजना के तहत गुड़ उत्पादन इकाई स्थापित करने के इच्छुक निवेशकों को पूंजी लागत पर 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। इच्छुक आवेदक CCS.bihar.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
गोपालगंज जिले के भोरे, कटेया, विजयीपुर एवं पंचदेवरी प्रखंडों के चयनित ग्रामों में गुड़ उत्पादन इकाइयां स्थापित की जानी हैं। वहीं पश्चिमी चंपारण जिले के ठकराहा प्रखंड के चयनित गांव भी योजना में शामिल हैं।
क्षमता के अनुसार मिलेगा अनुदान
योजना के तहत 05 से 20 TCD क्षमता वाली लघु गुड़ उत्पादन इकाई स्थापित करने पर पूंजी लागत का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 6 लाख रुपये तक अनुदान देय होगा। वहीं 21 से 40 TCD क्षमता वाली मध्यम इकाई के लिए पूंजी लागत का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 15 लाख रुपये तक अनुदान का प्रावधान है।
सरकार की इस पहल से क्षेत्र में गुड़ उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।
अधिक जानकारी एवं आवेदन संबंधी मार्गदर्शन के लिए इच्छुक व्यक्ति ईख पदाधिकारी, गोपालगंज अथवा सहायक निदेशक, ईख विकास, गोपालगंज के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।











