विद्यार्थी सहयोग पोर्टल: अब 30 दिनों में होगी छात्रों की शिकायतों का समाधान
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल: अब 30 दिनों में होगी छात्रों की शिकायतों का समाधान
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं छात्रावास संबंधी समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह समाधान के लिए बिहार सरकार ने ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ की शुरुआत की है। इस पोर्टल के माध्यम से छात्र-छात्राएं अपनी शिकायतें और सुझाव ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे, जबकि उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने बताया कि यह पोर्टल विद्यार्थियों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बनेगा। अब छात्रों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि घर बैठे ऑनलाइन अथवा टोल-फ्री हेल्पलाइन 1100 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी।
30 दिनों में अनिवार्य होगा निष्पादन
पोर्टल पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही शिकायतकर्ता को कार्रवाई की लिखित सूचना भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह बनी रहे।
हर महीने लगेगा ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’
विद्यार्थियों की समस्याओं को सीधे सुनने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में छात्र अपनी शैक्षणिक, छात्रावास एवं अन्य समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष सीधे रख सकेंगे।
स्कूल से विश्वविद्यालय तक चलेगा जागरूकता अभियान
जिला प्रशासन ने निर्देश दिया है कि शिक्षा विभाग के साथ-साथ अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग, युवा एवं कौशल विकास विभाग भी अपने-अपने छात्रावासों, प्रशिक्षण केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी इस सुविधा से वंचित न रहे।
डीएम की अपील
जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और संस्थान प्रमुखों से अपील की कि वे इस पोर्टल का अधिकतम उपयोग करें और शिक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने में सहयोग दें।










