आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट पर गोपालगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के जरिए सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने के मामले में गोपालगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, फेसबुक पर एक विशेष समुदाय को लक्षित करते हुए आपत्तिजनक एवं सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाली भाषा का इस्तेमाल कर पोस्ट किया गया था।
पुलिस ने बताया कि 18 अगस्त 2026 को फेसबुक पेज की निगरानी के दौरान उक्त पोस्ट सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई और आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए नगर थाना कांड संख्या 827/26 के तहत 19 अगस्त 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई।
जांच के दौरान पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान राजू कुमार राम, पिता मोहन राम, निवासी सरैया, वार्ड संख्या-02, थाना नगर, जिला गोपालगंज के रूप में की गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए नगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पटना से पुलिस अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने फेसबुक पर उक्त आपत्तिजनक पोस्ट करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया यूजर्स से पुलिस की अपील
गोपालगंज पुलिस ने आमजन से सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी और संयम के साथ करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि धर्म, समुदाय या व्यक्ति विशेष को लक्षित करने वाली आपत्तिजनक, भड़काऊ, अफवाह फैलाने वाली अथवा सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली पोस्ट, फोटो या वीडियो सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने ऐसी किसी भी सामग्री की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या गोपालगंज पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9031827299 पर देने की अपील की है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
संदेश साफ है—सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी कानून के दायरे में है, इसलिए पोस्ट करने से पहले जिम्मेदारी और उसके परिणामों को जरूर समझें।











