विजयीपुर में बीस सूत्रीय बैठक रद्द, पदाधिकारियों की गैरहाजिरी पर उठे गंभीर सवाल
विजयीपुर /गोपालगंज।


प्रखंड में आयोजित बीस सूत्रीय कार्यक्रम की बैठक पदाधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण रद्द कर दी गई। बैठक में स्वयं मौजूद प्रखंड अध्यक्ष, मीडिया सेल, जदयू विजयीपुर आरिफ सिद्दीकी ने बैठक रद्द होने की जानकारी दी।
बताया गया कि बैठक में अधिकांश विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद नहीं थे। वहीं, कुछ विभागों के अधिकारियों को बैठक की लिखित सूचना नहीं मिलने की बात भी सामने आई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच सरकार की योजनाओं एवं जनहित के मुद्दों की समीक्षा के लिए बैठक तय थी, तो अधिकांश अधिकारी नदारद क्यों रहे? जबकि बीस सुत्रीय अध्यक्ष नितेंद्र राय,मानसा सिंह, अमरेंद्र तिवारी, राजीव रंजन तिवारी,अनुराग शुक्ल, जयप्रकाश तिवारी सहित सभी सदस्य मौजूद रहे!
बैठक के रद्द होने से बीस सूत्रीय कार्यक्रम के औचित्य और उसके संचालन की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि यदि संबंधित विभागों के अधिकारी बैठक में ही उपस्थित नहीं होंगे तो योजनाओं की प्रगति, जनसमस्याओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा कैसे होगी?
स्थानीय स्तर पर अधिकारियों की कार्यप्रणाली और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित अधिकारियों को बैठक की सूचना नहीं दी गई थी या फिर किसी अन्य कारण से अधिकारी बैठक से दूर रहे? अब इस मामले में जिला प्रशासन क्या संज्ञान लेता है, इस पर सबकी नजर है।
बीस सूत्रीय बैठक का उद्देश्य जनहित की योजनाओं की निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। ऐसे में बैठक का रद्द होना प्रशासनिक व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल जरूर खड़ा करता है।











