हर-हर महादेव के जयकारे से गूंज उठा सिसवॉं शिवमंदिर, लगी भक्तों की कतार
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
प्रखंड क्षेत्र के सिसवाँ स्थित स्वयंभू शिवमंदिर सावन के पहले सोमवार को हर-हर महादेव के जयकारे से गूंज उठा। मंदिर में दिन भर शिवभक्तों की कतार लगी रही। बता दें कि प्रखंड क्षेत्र के सिसवाँ स्थित भगवान् शिव के मंदिर का निर्माण हथुआ के राजा द्वारा कराया गया था । मंदिर में वैसे तो रोज ही पूजन और आरती होती है । लेकिन अक्सर सावन में सुदूर गाँवों से भी भगवान शिव को जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं आते हैं । शास्त्रों में सोमवार को भगवान शिव की विशेष पूजा करने का विधान बताया गया है । कहा गया है कि इस दिन भगवान शिव के विधि-विधान पूजन से वे प्रसन्न होते हैं और मनचाहा वरदान देते हैं । सावन के सोमवार को भगवान शंकर की आराधना करने से न सिर्फ रुके हुए काम पूरे होते हैं, बल्कि भक्तों पर भगवान की विशेष कृपा होती है । सोमवार को शिव पूजन करने वाली युवतियों को मनोवांछित वर प्राप्त होता है । वहीं, युवकों को भी उनकी पसंद की कन्या मिलती है । भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा करने वाले भक्तों पर भगवान प्रसन्न होते हैं । कहा गया है कि जिनके विवाह आदि में रुकावट आ रही हो, उन्हें निश्चित रूप से सावन मास के सोमवार का व्रत करना चाहिए । इसी मान्यता के अनुसार सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के बिशुनपुर, रामगढ़, नौतन, पिपरा, मुरारपट्टी, रामगढ़, अंगौता सहित सभी शिवमंदिरों में शिवभक्तों की कतार लगी रही।











