माधोपुर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी, शराब और मोटरसाइकिल जब्त, चालक व वाहन मालिक पर केस दर्ज।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत माधोपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 90 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की है। साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर माधोपुर थाना क्षेत्र के महम्मदपुर निर्मल टोला स्थित छोटी नहर पुल के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम को देखते ही चालक अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल की तलाशी ली, जिसमें 90 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुई। बरामद शराब और मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर थाना लाया गया।
माधोपुर थाना पुलिस ने वाहन मालिक एवं फरार चालक के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस की अपील:
गोपालगंज पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।











