बाल श्रमिक से काम कराना पड़ा महंगा: कटेया में छापेमारी, नियोजक पर होगी कानूनी कार्रवाई
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज जिले में बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को कटेया बाजार में बड़ी कार्रवाई की गई। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार सरकार तथा जिला पदाधिकारी, गोपालगंज के निर्देश पर गठित धावा दल ने नेशनल साइकिल स्टोर, मेन रोड कटेया में छापेमारी कर एक बाल श्रमिक को मुक्त कराया।
इस संयुक्त कार्रवाई में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, हथुआ, पंचदेवरी एवं फुलवरिया के साथ कटेया थाना पुलिस के अधिकारी एवं पुलिस बल भी शामिल रहे। अभियान के दौरान बाल श्रमिक को सुरक्षित मुक्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
श्रम अधीक्षक, गोपालगंज ने बताया कि संबंधित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी को नियोजक के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने तथा बाल एवं किशोर श्रमिक (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
श्रम विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में बाल श्रम के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रतिष्ठान में बाल श्रमिक पाए जाने पर संबंधित नियोजक के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं बाल श्रम कराया जा रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन या श्रम विभाग को दें, ताकि बच्चों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।











