जिलेभर में चली सघन कार्रवाई, वारंटियों की गिरफ्तारी के साथ शराब तस्करों पर कसा शिकंजा, यातायात नियम तोड़ने वालों से ₹37 हजार जुर्माना वसूला गया।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज पुलिस ने अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए गए समकालीन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 39 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 28 जुलाई 2026 को विशेष अभियान के दौरान की गई।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हत्या के प्रयास के दो मामलों में गिरफ्तारी की गई। वहीं शराब तस्करी से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 16 लोगों को शराब सेवन के आरोप में पकड़ा गया। इसके अलावा विभिन्न कांडों में 5 अभियुक्तों, 9 ट्रायल वारंटियों तथा 170 BNSS के तहत 5 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने 70 लीटर देशी एवं 246 लीटर विदेशी शराब, यानी कुल 316 लीटर अवैध शराब बरामद की। साथ ही 22 वारंटों का निष्पादन किया गया, जिनमें 10 जमानतीय और 12 अजमानतीय वारंट शामिल हैं।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए ₹37,000 का जुर्माना वसूला। इसके अतिरिक्त कार्रवाई के दौरान एक बोलेरो वाहन भी बरामद किया गया।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों, शराब तस्करों एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।











