स्थापना शाखा का लिया जायजा, फाइलों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, अनिवार्य आईडी कार्ड, औपचारिक वेशभूषा और स्वच्छता पर दिया विशेष जोर
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
जिला प्रशासन में कार्यसंस्कृति को अधिक पारदर्शी, अनुशासित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में जिलाधिकारी समीर सौरभ ने बुधवार को समाहरणालय स्थित जिला स्थापना शाखा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थापना उप समाहर्ता संदीप कुमार सहित शाखा के सभी अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय की समग्र व्यवस्था, उपस्थिति पंजी, स्टॉक पंजी तथा विभिन्न संचिकाओं (फाइलों) के रख-रखाव का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी संचिकाओं को वर्षवार एवं क्रमबद्ध तरीके से व्यवस्थित रखा जाए, ताकि आवश्यक अभिलेख समय पर आसानी से उपलब्ध हो सकें और कार्यालयीय कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
कार्यालयीय अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए पहचान पत्र (आईडी कार्ड) पहनना अनिवार्य कर दिया। इसके साथ ही सभी कर्मचारियों को औपचारिक वेशभूषा में कार्यालय आने तथा कार्यालय परिसर में स्वच्छता और सुव्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी कर्मियों से जिम्मेदारी, ईमानदारी और जनहित की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि आम नागरिकों को बेहतर और त्वरित प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।











