प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक में डीएम समीर सौरभ ने अधिकारियों को मिशन मोड में अभियान चलाने का दिया निर्देश, एक्स-रे और NAAT टेस्ट बढ़ाने पर विशेष जोर
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। समाहरणालय सभा कक्ष में बुधवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित टीबी उन्मूलन अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को अभियान में और अधिक तेजी लाने तथा हर संभावित मरीज तक समय पर जांच और उपचार पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में सिविल सर्जन, संचारी रोग पदाधिकारी, सदर अस्पताल गोपालगंज के उपाधीक्षक, रामदुलारी कुँवर अनुमंडलीय अस्पताल हथुआ के प्रतिनिधि, प्रभारी जिला कार्यक्रम प्रबंधक, DEIC प्रबंधक सह समन्वयक, RBSK, जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं STS (DTC) मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में टीबी की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान कर तत्काल उपचार शुरू करना ही अभियान की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को अधिक से अधिक लोगों का चेस्ट एक्स-रे कराने तथा NAAT टेस्ट की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि टीबी की समय रहते सटीक पहचान हो सके। इसके साथ ही Differentiated TB Care के तहत अलग टीबी काउंटर स्थापित कर मरीजों की जांच एवं तत्काल दवा उपलब्ध कराने पर भी विशेष बल दिया।
बैठक में हाउस होल्ड कॉन्टैक्ट के सभी पात्र लोगों को अधिक से अधिक टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (TPT) उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिससे संक्रमण की श्रृंखला को प्रभावी ढंग से रोका जा सके और नए मामलों में कमी लाई जा सके।
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के लंबित प्रशासनिक कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि रविवार को सभी प्रखंड लेखापाल जिला स्वास्थ्य समिति पहुंचकर जिला लेखापाल के साथ समन्वय स्थापित करें तथा लंबित Payee ID का निर्माण शीघ्र पूरा करें, ताकि वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी के साथ मिशन मोड में संचालित किया जाए। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही टीबी मुक्त गोपालगंज का सपना साकार किया जा सकता है।












