नौतन डिग्री कॉलेज में सुरक्षा के लिए प्राचार्य ने लिखा पुलिस को पत्र
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
नौतन स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में हाल ही में हुए उद्घाटन के बाद परिसर में अराजक तत्वों के घुसपैठ और उपद्रव की शिकायत करते हुए प्राचार्य ने स्थानीय पुलिस प्रशासन को पत्र लिखकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की अपील की है। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ शमशाद अहमद ने बताया कि 15 जुलाई 2026 को स्थापित इस नवनिर्मित कॉलेज का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए बिहार सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा 20 लाख रुपये के उपस्कर एवं अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की गई है। लेकिन कार्यालय समय के बाद एवं छुट्टी के दिन कॉलेज परिसर में नशेड़ियों व असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ गया है, जिससे पढ़ाई-लिखाई और संस्थान की गरिमा प्रभावित हो रही है। प्राचार्य ने अपने पत्र में लिखा है कि महाविद्यालय परिसर में आवश्यक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने थानाध्यक्ष और पुलिस अधीक्षक को संबोधित करते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।
यह पत्र कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़ा करता है। स्थानीय छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने भी कॉलेज परिसर में शीघ्र सुरक्षा बल तैनात करने की मांग की है। वहीं प्रशासन द्वारा मामले की जांच कर उचित कदम उठाने का आश्वासन मिला है। इस नये सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना क्षेत्र के छात्रों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही थी, लेकिन शुरुआती दिनों में ही सुरक्षा की समस्या सामने आना चिंता का विषय बन गया है।











