डीएम समीर सौरभ का कुचायकोट प्रखंड कार्यालय पर औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त चेतावनी
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने कुचायकोट प्रखंड कार्यालय का औचक (सरप्राइज) निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय व्यवस्था, निर्माणाधीन प्रखंड भवन, विभिन्न शाखाओं के कार्यों तथा आम नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माणाधीन नए प्रखंड कार्यालय भवन की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसी को गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
इसके बाद उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में पहुंचकर अभिलेखों (रजिस्टरों) की जांच की, साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा कर्मचारियों की उपस्थिति का भी सत्यापन किया। उन्होंने कार्यालय में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम नागरिकों के कार्यों का त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि सरकारी कार्यालयों का उद्देश्य आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।











