गोपालगंज पुलिस की अवैध शराब माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई: एक ही दिन में 1,283.4 लीटर शराब बरामद, कई वाहन और नाव जब्त।
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए गोपालगंज पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। शनिवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 1,283.4 लीटर देसी एवं विदेशी शराब बरामद की। इस दौरान दो आरोपी गिरफ्तार किए गए, जबकि शराब तस्करी में प्रयुक्त दो नाव, एक बोलेरो और एक कार को भी जब्त किया गया। कई मामलों में तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जादोपुर थाना क्षेत्र के गंडक नदी दियारा इलाके में पुलिस ने दो नावों से 664.2 लीटर देसी एवं विदेशी शराब बरामद कर दोनों नावों को जब्त कर लिया। इस मामले में संबंधित लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।हथुआ थाना में दो बड़ी सफलता
हथुआ थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में एक कार से 216 लीटर देसी शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया तथा वाहन जब्त कर लिया। वहीं दूसरी कार्रवाई में एक बोलेरो वाहन से 360 लीटर देसी शराब बरामद हुई। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सिसई-सीड़सा के पास गश्ती के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 43.2 लीटर विदेशी शराब बरामद की। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।











