नगर थाना पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान की गिरफ्तारी, न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ी
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के एक चर्चित मामले में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार नगर थाना कांड संख्या 692/26 (दिनांक 16 जुलाई 2026) में दर्ज हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के मामले में नामजद अभियुक्त अजय कुमार (पिता- दशरथ महतो) एवं सुमित कुमार (पिता- रविन्द्र प्रसाद), दोनों निवासी हरखुआ वार्ड संख्या-23, थाना नगर, जिला गोपालगंज को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों को न्यायिक कार्रवाई के लिए अग्रेषित कर दिया है।
गोपालगंज पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
