10 लाख की लूट में चार शातिर गिरफ्तार, रुपए व जेवर बरामद
अहियापुर थाना क्षेत्र में दरभंगा के केवटी के प्रखंड कार्यपालक सहायक से हथियार के बल पर 10 लाख रुपए लूटकांड में करीब दो माह बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनसे 10 लाख रुपए और आभूषण बरामद किए गए हैं। चारों से पूछताछ के आधार पर लूट की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य अपराधियों की भूमिका की जांच की जा रही है। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि बुधवार को गिरफ्तारी और घटना से जुड़ी पूरी जानकारी दी जाएगी। घटना 16 मई की देर रात की हुई थी। नगर थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार निवासी मो. सादाब दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड में कार्यपालक सहायक के पद पर कार्यरत हैं। वह बकाया 10 लाख रुपए लेने बोचहां थाना क्षेत्र के सर्फुद्दीनपुर गए थे। वहां नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले अब्दुल गफ्फार ने उन्हें रुपए दिए थे। वह देर रात करीब 10 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान अहियापुर थाना क्षेत्र में जगन्नाथ मिश्रा कॉलेज के समीप पुल पर अपराधियों ने उन्हें सुनसान स्थान पर रोक लिया और पिस्टल का भय दिखा कर 10 लाख रुपए लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने अहियापुर पुलिस को सूचना दी थी। अहियापुर थाने में केस भी दर्ज किया गया था। पीड़ित के अनुसार, सर्फुद्दीनपुर से रुपए लेकर लौटने के दौरान उनके साथ एक व्यक्ति भी था। आरोप है कि सुनसान जगह देखकर उन्हें रुकवाया गया और साजिश के तहत रुपए लूट लिए गए। वारदात के बाद संबंधित व्यक्ति मौके से फरार हो गया था।










