‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ को मिली नई उड़ान, स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। महिला एवं बाल विकास निगम कार्यालय, गोपालगंज के जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन द्वारा शनिवार को हथुआ प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय, सवरेजी में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत सखी वार्ता सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक (HM) ने की, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत पहले बच्चे पर ₹5,000 तथा दूसरे बच्चे के रूप में बेटी के जन्म पर ₹6,000 की सहायता राशि दिए जाने की जानकारी साझा की गई। वहीं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत लाभुकों के पंजीकरण पर ₹3,000 की सहायता उपलब्ध कराने के बारे में भी बताया गया। बैठक में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत स्कूल छोड़ चुकी (ड्रॉपआउट) बच्चियों को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार करने तथा प्रत्येक माह ‘बेटी जन्मोत्सव’ कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इसके साथ ही बाल विवाह रोकथाम, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, साइबर सुरक्षा एवं महिला और बच्चों की सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर 181, 112, 1930 और 1098 के संबंध में भी जागरूकता फैलाई गई।कार्यक्रम में जिला हब के जेंडर स्पेशलिस्ट अनिल कुमार ठाकुर, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ ओम प्रकाश ठाकुर, लेखा सहायक मुकेश कुमार तथा आईटी सहायक संदीप कुमार उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण को समाज की प्राथमिकता बनाने का आह्वान किया।












