पुलिस केंद्र गोपालगंज में आयोजित हुआ ‘लाइन डे’, पुलिसकर्मियों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया गया जोर।
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज । पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देश पर पुलिस केंद्र, गोपालगंज में शुक्रवार को “लाइन डे” का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कार्यक्रम के दौरान शस्त्रिका कक्ष एवं अनुरोध कक्ष का भी संचालन किया गया, जहां पुलिस बल से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं व्यक्तिगत मामलों की सुनवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान विभाग की प्राथमिकता है, ताकि वे बेहतर मनोबल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ अधीनस्थ कर्मियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
गोपालगंज पुलिस ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनाना है।












