गोपालगंज के 2.71 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खाते में पहुंची राशि, डीबीटी से मिली बड़ी राहत।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थियों के लिए शुक्रवार का दिन राहतभरी खुशखबरी लेकर आया। माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत जून 2026 की सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि का डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरण किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान 97,84,035 लाभार्थियों के खातों में लगभग ₹1,424 करोड़ की राशि सीधे भेजी गई। वहीं गोपालगंज जिले के 2,71,620 लाभार्थियों को भी इस योजना का सीधा लाभ मिला, जिससे वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों के चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर गोपालगंज समाहरणालय में लाइव प्रसारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी समीर सौरभ सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया तथा डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया का साक्षी बनने का अवसर मिला।
जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ संचालित कर रही है। अब हर माह की 10 तारीख को डीबीटी प्रणाली के माध्यम से पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और समय पर भुगतान सुनिश्चित हो रहा है।लाभार्थियों ने सरकार की इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि समय पर पेंशन मिलने से उनके दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी सुविधा हो रही है। उन्होंने इसे गरीब, बुजुर्ग, विधवा एवं दिव्यांगजनों के लिए सरकार की संवेदनशील पहल बताया।












