CHC कुचायकोट का औचक निरीक्षण, मरीजों से सीधे मिले SDO अनिल कुमार; बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के दिए सख्त निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में गुरुवार को जिला प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया। जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (भा.प्र.से.) के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), कुचायकोट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने ओपीडी, प्रसव कक्ष, दवा वितरण केंद्र तथा आपातकालीन सेवाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें और मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। एसडीओ ने अस्पताल में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था तथा विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ अनिल कुमार ने वार्डों में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर फीडबैक भी लिया। प्रशासन की इस पहल से अस्पताल कर्मियों में सक्रियता देखी गई और मरीजों ने भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद जताई।












