134 लीटर देसी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफतार, एक साइकिल जब्त
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई में अलग-अलग जगहों से कुल 134 लीटर देसी शराब बरामद की गई है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा फरार हो गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना क्षेत्र के रामगढ़ के समीप खलवां निवासी विशाल चौहान को शराब तस्करी करते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से 17 लीटर देसी शराब तथा एक साइकिल भी जप्त की गई। विशाल चौहान को गिरफ्तार कर थाने लाया गया है और आगे की पूछताछ की जा रही है।
इसी दौरान थाना क्षेत्र के खलवां में एक बाइक सवार शराब तस्कर ने पुलिस को देखते ही 117 लीटर देसी शराब की खेप फेंक दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसका पीछा किया लेकिन वो चकमा देकर भागने में सफल हो गया। इसके बाद पुलिस ने मौके से बरामद शराब को जब्त कर लिया। फरार तस्कर की पहचान की जा रही है और उसकी तलाश में छानबीन शुरू कर दी गई है।
थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि दोनों घटनाएं एक ही थाना क्षेत्र में हुई हैं। शराब तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बरामद शराब की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। इस सफलता पर स्थानीय पुलिस की सराहना की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार निगरानी बढ़ाए हुए है।












