धान रोपनी के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, किसान की दर्दनाक मौत; दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल
कटेया (गोपालगंज)। गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव में मंगलवार को धान की रोपनी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया।
मृतक की पहचान बैकुंठपुर गांव निवासी रामायण राम के पुत्र भोला राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भोला राम खेत में धान की रोपनी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से भोला राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे बैकुंठपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और घायल के समुचित इलाज की मांग की है।












