जनता से सीधे रूबरू हुए प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, जन सहयोग शिविर में सुनीं समस्याएं; कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। बिहार सरकार के “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत मंगलवार को हथुआ प्रखंड के सेमराव पंचायत सरकार भवन में जन सहयोग शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह गोपालगंज जिला प्रभारी मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने की। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे प्रभारी मंत्री के समक्ष रखीं।कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने आम जनता से संवाद करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पक्ष एवं गंभीरता से निस्तारण किया जाए तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने दिया जाए। शिविर में भूमि विवाद, राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर हथुआ विधायक श्री रामसेवक सिंह, विधान परिषद सदस्य श्री राजीव कुमार, जिलाधिकारी श्री समीर सौरभ (भा.प्र.से.), पुलिस अधीक्षक श्री विनय तिवारी (भा.पु.से.), सेमराव पंचायत की मुखिया श्रीमती पूजा राय सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। जन सहयोग शिविर के सफल आयोजन से ग्रामीणों में संतोष और उत्साह देखने को मिला। लोगों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है, जिससे समाधान की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी एवं सरल बन रही है।












